अपराधियों पर शिकंजा कसें, लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध करें निस्तारण : एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ झांसी में पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक, धनतेरस और दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश
रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS
झांसी। अपराध नियंत्रण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। वांछित एवं पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जाए और लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। यह निर्देश अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने मंगलवार को झांसी में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों को दिए।
जनपद झांसी आगमन पर रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस गार्द ने उन्हें सलामी देकर स्वागत किया। इसके बाद पुलिस लाइन सभागार में एडीजी की अध्यक्षता में झांसी परिक्षेत्र के विभिन्न जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी आयोजित हुई।
बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मुकदमों, विवेचनाओं की प्रगति, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा साइबर अपराधों की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से समीक्षा की गई। एडीजी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराधियों के खिलाफ प्रभावी और कठोर कार्रवाई की जाए तथा संवेदनशील मामलों में पुलिस तत्काल सक्रिय होकर कार्रवाई सुनिश्चित करे।
महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों पर विशेष जोर
एडीजी ने महिला संबंधी अपराधों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने तथा साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए। साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि थानों पर आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए। शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण हो तथा पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे, जिससे आमजन का पुलिस पर विश्वास मजबूत हो।
त्योहारों पर बाजारों में रहेगी कड़ी निगरानी
आगामी धनतेरस एवं दीपावली पर्व को देखते हुए एडीजी ने बाजारों, सर्राफा प्रतिष्ठानों और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित पैदल गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया। प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा अतिक्रमण हटवाकर आवागमन आसान बनाने के निर्देश भी दिए गए।
समीक्षा बैठक में पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र श्री आकाश कुलहरि सहित झांसी रेंज के विभिन्न जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, क्षेत्राधिकारी एवं जनपद झांसी के समस्त थाना प्रभारी उपस्थित रहे।










