धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ झांसी में अधिवक्ताओं ने दी तहरीर, भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण पर टिप्पणी से आहत हुईं धार्मिक भावनाएं मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की उठाई मांग
झांसी। बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान श्रीकृष्ण और प्रभु श्रीराम को लेकर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी का मामला अब झांसी में तूल पकड़ता नजर आ रहा है। धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप लगाते हुए अधिवक्ताओं सहित छह लोगों ने थाना नवाबाद पहुंचकर उनके खिलाफ लिखित तहरीर दी और मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।
मंगलवार, 3 नवंबर को एडवोकेट भानू सहाय, एडवोकेट राजेंद्र शर्मा, एडवोकेट अशोक सक्सेना, एडवोकेट प्रदीप नाथ झा, रघुराज शर्मा एवं उत्कर्ष साहू ने थानाध्यक्ष थाना नवाबाद को शिकायती तहरीर सौंपी।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम को लेकर तुलनात्मक प्रवचन करते हुए अमर्यादित टिप्पणी की, जिससे हिंदू सनातनियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में भी हिंदू एवं सनातन धर्म से जुड़े विषयों पर कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया है।
शिकायत में भगवान श्रीराम के पांच पिता, बिना मांग भरी महिला को खाली प्लॉट तथा करवाचौथ को खसम पूजन जैसे कथित बयानों का भी उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि देवी-देवताओं और सनातन परंपराओं से जुड़े विषयों पर इस प्रकार की टिप्पणियां धार्मिक आस्था रखने वाले लोगों को आहत करती हैं।
तहरीर सौंपने के बाद सभी शिकायतकर्ताओं ने पुलिस से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपों की जांच की जाए और धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए।
रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS










