एसएसपी विकास कुमार की आठ टीमों ने खोला मऊरानीपुर बस चोरीकांड, महाराष्ट्र से एक आरोपी गिरफ्तार सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों से मिला सुराग, 17.06 लाख रुपये की चोरी की रकम कराई फ्रीज
झाँसी। मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में बस में यात्रा कर रहे यात्री के दो बैग चोरी करने के मामले में झाँसी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में गठित आठ पुलिस टीमों ने घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 1.40 लाख रुपये नकद, दो मोबाइल फोन सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। वहीं, चोरी की धनराशि में से विभिन्न बैंक खातों में स्थानांतरित 17 लाख छह हजार रुपये फ्रीज कराए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर को बस में सफर कर रहे वादी के दो बैग चोरी कर लिए गए थे। बैग में सोने के आभूषण और नकदी रखी हुई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ स्कॉर्पियो वाहन से फरार हो गए थे।
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झाँसी विकास कुमार ने खुलासे के लिए आठ पुलिस टीमों का गठन किया था। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अन्य साक्ष्य जुटाए। लगातार जांच के बाद पुलिस ने महाराष्ट्र से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से 1,40,000 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, महाराष्ट्र ग्रामीण बैंक की पासबुक तथा बैंक में धनराशि जमा करने से संबंधित लेनदेन की रसीदें बरामद हुई हैं। पुलिस ने चोरी की रकम को अलग-अलग बैंक खातों में स्थानांतरित किए जाने का पता लगाते हुए 17.06 लाख रुपये फ्रीज करा दिए हैं।
फिलहाल मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी के अन्य साथियों और चोरी किए गए सोने के आभूषणों की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।
रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS










