त्योहारी सीजन का सच! “कहीं मिठाई के डिब्बे… तो कहीं लिफाफों की खनक!” धनतेरस और दीपावली के मौके पर नेताओं और समाजसेवियों के दफ्तरों के बाहर लगी यूट्यूबर पत्रकारों और कैमरों की लंबी कतारें। इस त्योहारी दौड़ में हम भी शामिल रहे, कैमरा लेकर पहुंचे नेताओं और समाजसेवियों के दरबार में!

झांसी। धनतेरस और दीपावली के त्योहार पर नेताओं, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों के कार्यालयों में पत्रकारों, यूट्यूबरों और सोशल मीडिया पर सक्रिय लोगों की खूब चहल-पहल दिखाई दी। त्योहार की शुभकामनाएं देने और बधाई संदेश रिकॉर्ड करने के लिए कैमरों और मोबाइल फोन के साथ पहुंचने वालों की भीड़ नजर आई।

कहीं मिठाई के डिब्बों से मुंह मीठा कराया गया तो कहीं लिफाफों की खनक की चर्चाएं सुनाई दीं। किसी ने फेसबुक पर वीडियो अपलोड किया तो किसी ने यूट्यूब पर बधाइयों का संदेश प्रसारित किया। कुल मिलाकर धनतेरस और दीपावली पर कैमरों की चमक और सोशल मीडिया की सक्रियता देखते ही बनी।

इस पूरे त्योहारी माहौल में हम भी खुद को अलग नहीं रख सके। कैमरा लेकर नेताओं और समाजसेवियों के कार्यालयों तक पहुंचे, शुभकामनाएं दीं और त्योहार की खुशियां साझा कीं। यानी जिस तस्वीर पर चर्चा हो रही है, उसमें हमारा चेहरा भी शामिल है। ऐसे में यह आत्ममंथन भी जरूरी है कि पत्रकारिता की सक्रियता केवल त्योहारों और मुलाकातों तक सीमित न रह जाए।

चुनावी माहौल की आहट के बीच नेताओं और समाजसेवियों के कार्यालयों में पत्रकारों की आवाजाही ने कई चर्चाओं को जन्म दिया। हालांकि, त्योहार पर मिठाई और उपहारों का आदान-प्रदान आपसी सद्भाव का हिस्सा हो सकता है, लेकिन पत्रकारिता की निष्पक्षता और उसकी विश्वसनीयता बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है।

सवाल दूसरों से ही नहीं, खुद से भी है कि क्या जनता की समस्याओं, भ्रष्टाचार और अधिकारियों की जवाबदेही पर भी हम इसी उत्साह से कैमरे लेकर पहुंचेंगे?

आखिर पत्रकारिता का असली सम्मान मिठाई के डिब्बों और लिफाफों में नहीं, बल्कि निष्पक्ष खबरों, निर्भीक सवालों और जनता की आवाज उठाने में है।

रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *