त्योहारों पर यात्री सुरक्षा को लेकर डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने संभाली कमान, झांसी स्टेशन का किया निरीक्षण ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस के समय प्लेटफॉर्म पर पहुंचे मंडल रेल प्रबंधक, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश खानपान की गुणवत्ता, निर्धारित मूल्य और स्वच्छता पर विशेष जोर, सीसीटीवी से संदिग्ध गतिविधियों पर रखी जाएगी नजर

झांसी। त्योहारों के दौरान रेलवे स्टेशनों पर बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल ने सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने बुधवार को वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस के समय प्लेटफॉर्म पर पहुंचे और यात्रियों की आवाजाही तथा भीड़ की स्थिति को बारीकी से देखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान पूरी मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करें, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान स्टेशन निदेशक संजीव जाटव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

सीसीटीवी निगरानी और सामान की जांच पर जोर

डीआरएम ने रेलवे सुरक्षा बल के जवानों को प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर में लगातार निगरानी रखने तथा भीड़ को व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नजर रखने, प्रवेश और निकास द्वारों पर सुरक्षा जांच तथा सामान की जांच करने वाली मशीनों को पूरी जिम्मेदारी से संचालित करने पर जोर दिया।

खानपान स्टॉलों पर मनमानी बर्दाश्त नहीं

स्टेशन पर संचालित खानपान स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए डीआरएम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, शुद्धता और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रियों से निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली की शिकायतों पर विशेष निगरानी रखी जाए और किसी भी तरह की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अतिरिक्त कर्मचारियों की भी लगाई गई ड्यूटी

त्योहारों के दौरान यात्रियों को ट्रेनों की आवाजाही और प्लेटफॉर्म की जानकारी समय पर देने के लिए लगातार उद्घोषणा की व्यवस्था की गई है। नियमित कर्मचारियों के अतिरिक्त अतिरिक्त कर्मचारियों की भी तैनाती की गई है, जिससे यात्रियों की सहायता और भीड़ नियंत्रण में कोई कमी न रहे।

रेल प्रशासन का कहना है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रखा गया है। यात्रियों से भी अपील की गई है कि वे समय से स्टेशन पहुंचें, सुरक्षा जांच में सहयोग करें और अपने सामान की स्वयं निगरानी रखें।

रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *