पत्रकार बताकर रेलवे स्टेशन पर धौंस जमाना पड़ा भारी, आरपीएफ ने की कार्रवाई बिना अनुमति प्लेटफॉर्म पर कर रहा था फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी, पूछताछ में नहीं दिखा सका अधिकृत दस्तावेज रेलवे प्रशासन पहले ही जारी कर चुका है चेतावनी, अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति कैमरा चलाने पर प्रतिबंध
झांसी। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर स्वयं को पत्रकार बताकर धौंस जमाने और बिना अधिकृत अनुमति के फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी करने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल ने एक व्यक्ति के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है।
11 नवंबर को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी एवं ड्यूटी जांच दल द्वारा स्टेशन परिसर में संयुक्त जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर एक के मुख्य प्रवेश द्वार के पास एक व्यक्ति अनधिकृत रूप से फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करता हुआ पाया गया।
पूछताछ के दौरान संबंधित व्यक्ति ने स्वयं को पत्रकार बताते हुए अपने कथित पत्रकार होने का हवाला देकर रौब जमाने का प्रयास किया। रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने जब उससे फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी की अनुमति से संबंधित दस्तावेज मांगे तो वह कोई अधिकृत अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका और न ही संतोषजनक जवाब दे पाया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए आरपीएफ ने उसे अनधिकृत प्रवेश के मामले में पकड़ा तथा रेलवे अधिनियम की धारा 147 के प्रावधानों से अवगत कराया। इसके बाद जन विश्वास (प्रावधान संशोधन) अधिनियम, 2026 एवं रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।
रेलवे प्रशासन पहले भी जारी कर चुका है चेतावनी
गौरतलब है कि रेलवे परिसर में फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी को लेकर रेलवे प्रशासन पहले भी दिशा-निर्देश जारी कर चुका है। कुछ महीने पहले वाणिज्य विभाग की ओर से तथा हाल ही में उत्तर मध्य रेलवे झांसी मंडल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में अधिसूचित क्षेत्र में बिना सक्षम रेल प्राधिकारी की अनुमति के फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी एवं ब्लॉगिंग करने पर प्रतिबंध की जानकारी दी गई थी। रेलवे प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी।
आरपीएफ की कार्रवाई में शामिल रहे ये कर्मचारी
यह कार्रवाई आरपीएफ पोस्ट वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी के प्रभारी निरीक्षक के निर्देशन में की गई। कार्रवाई करने वाली टीम में सहायक उप निरीक्षक विश्राम एवं सीटीआई एम.के. सेन शामिल रहे।
रेलवे सुरक्षा बल ने आमजन को सचेत किया है कि रेलवे परिसर में बिना अधिकृत अनुमति के फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी न करें। स्वयं को पत्रकार बताकर रेलवे के नियमों एवं सुरक्षा प्रावधानों की अवहेलना करने अथवा अनावश्यक दबाव बनाने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS










