एक स्टेशन एक उत्पाद के स्टॉल पर पेटीज की बिक्री पर रोक, एक्सप्रेस फूड प्लाजा में जारी! **प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना के उद्देश्य पर उठे सवाल, झांसी रेलवे स्टेशन पर पेटीज बिक्री के अलग-अलग नियमों को लेकर रेल प्रशासन से जवाब तलब**

 

 

**झांसी।** प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी ‘एक स्टेशन एक उत्पाद’ योजना का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों, कारीगरों और छोटे कारोबारियों को प्रोत्साहित कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। लेकिन उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल स्थित वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर इस योजना के तहत संचालित बेकरी स्टॉल पर पेटीज की बिक्री पर रोक लगाए जाने से स्टॉल का कारोबार प्रभावित हो रहा है।

**एक ही स्टेशन पर अलग-अलग व्यवस्था क्यों?**

हैरानी की बात यह है कि इसी स्टेशन के एक्सप्रेस फूड प्लाजा में पेटीज की बिक्री जारी है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि जब एक्सप्रेस फूड प्लाजा में पेटीज बेची जा सकती हैं, तो फिर प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना के तहत संचालित बेकरी स्टॉल पर इसकी बिक्री पर रोक क्यों लगाई गई है? क्या एक ही स्टेशन पर खाद्य पदार्थों की बिक्री के लिए अलग-अलग नियम लागू हैं?

**रेल प्रशासन से जवाब की अपेक्षा**

अब सवाल यह है कि पेटीज की बिक्री पर रोक लगाने का आधार क्या है? क्या इसके पीछे कोई लिखित आदेश, खाद्य सुरक्षा संबंधी नियम या अनुबंध की शर्त है? यदि ऐसा कोई प्रावधान है तो उसे एक्सप्रेस फूड प्लाजा सहित सभी संबंधित बिक्री केंद्रों पर समान रूप से लागू किया जाना चाहिए।

प्रधानमंत्री की रोजगारपरक योजना के तहत छोटे कारोबारियों को प्रोत्साहित करने की मंशा के बीच एक ही स्टेशन पर पेटीज की बिक्री को लेकर अलग-अलग व्यवस्था कई सवाल खड़े कर रही है। अब देखना होगा कि झांसी मंडल का रेल प्रशासन इस मामले में क्या स्पष्टीकरण देता है।

**रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS**

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *