झाँसी। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के 27 नवंबर को ओरछा स्थित श्री रामराजा सरकार मंदिर से प्रारंभ होकर उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करने के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। यात्रा मध्य प्रदेश से होते हुए झाँसी के दिगारा गांव पहुंचेगी और इसके बाद गौरा मछिया में आगमन प्रस्तावित है।
यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए पूर्व सांसद चन्द्रपाल सिंह यादव की ओर से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा के प्रभारी एवं मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री गोविंद सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
बैठक में बुंदेलखंड क्षेत्र कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता राजेन्द्र शर्मा एडवोकेट सहित कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के कई नेताओं ने सहभागिता की। उपस्थित नेताओं ने यात्रा के स्वागत, मार्ग व्यवस्था, जनसंपर्क और विभिन्न स्थानों पर होने वाले आयोजनों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
बैठक में यात्रा के सफल आयोजन के लिए आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियां तय करते हुए तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। नेताओं ने यात्रा के झाँसी आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS










