चलती ट्रेन के नीचे जाने से बाल-बाल बची महिला, आरपीएफ जवान शरून राजभर ने दिखाई तत्परता बांदा स्टेशन पर ऑपरेशन जीवन रक्षा के तहत प्रधान आरक्षक ने महिला को सुरक्षित खींचकर बचाई जान
बांदा। रेलवे स्टेशन बांदा पर रेलवे सुरक्षा बल के जवान की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक महिला की जान बच गई। चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास के दौरान पैर फिसलने से महिला ट्रेन के नीचे जाने की स्थिति में पहुंच गई थी। मौके पर मौजूद प्रधान आरक्षक शरून राजभर ने तत्परता दिखाते हुए महिला को सुरक्षित बचा लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को निरीक्षक बांदा के पर्यवेक्षण में रेलवे सुरक्षा बल का स्टाफ ट्रेनों के सुरक्षित आवागमन के लिए प्लेटफार्म पर तैनात था। इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर दो पर गाड़ी संख्या 11801 झांसी-प्रयागराज एक्सप्रेस अपने निर्धारित ठहराव के बाद गंतव्य के लिए रवाना हुई।
ट्रेन के चलते ही एक नकाबपोश महिला उसमें चढ़ने का प्रयास करने लगी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह प्लेटफार्म से नीचे गिरने लगी। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि उसका पैर ट्रेन के पायदान के नीचे चला गया। वहां मौजूद प्रधान आरक्षक शरून राजभर ने बिना समय गंवाए महिला का हाथ पकड़कर पूरी ताकत से अपनी ओर खींच लिया और उसे ट्रेन की चपेट में आने से बचा लिया।
इसके बाद गार्ड के माध्यम से ट्रेन रुकवाई गई और महिला को सुरक्षित बैठाया गया। अपनी जान बचने पर महिला ने रेलवे सुरक्षा बल के जवान के प्रति आभार व्यक्त किया।
आरपीएफ की इस तत्परता ने एक बार फिर साबित किया कि रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की सतर्कता और साहस किसी की जिंदगी बचाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS










