आबकारी निरीक्षक रीता वर्मा की टीम ने नगरिया देवधरापुर में की कार्रवाई, एक मुकदमा दर्ज

 

फर्रुखाबाद। जनपद में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग की ओर से प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 अक्टूबर को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 रीता वर्मा ने अपनी टीम के साथ ग्राम नगरिया देवधरापुर में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने 12 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की, जबकि करीब 100 किलोग्राम लहन मौके पर ही नष्ट कराया गया। मामले में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत एक अभियोग पंजीकृत किया गया है।

शराब दुकानों का भी किया औचक निरीक्षण

अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही आबकारी विभाग की टीम ने जनपद की विभिन्न मदिरा दुकानों का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान हरदेव नगर कमालगंज, कमालगंज स्थित कम्पोजिट दुकानों तथा रानुखेड़ा, हरदेव नगर कमालगंज और नई बस्ती कमालगंज की देशी शराब दुकानों की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता परखी गई। साथ ही उपलब्ध मदिरा का मिलान अभिलेखों से किया गया। दुकानदारों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने और शासन के निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।

जीपी गुप्ता के नेतृत्व में अभियान जारी

जिला आबकारी अधिकारी जीपी गुप्ता के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान में जिलाधिकारी के निर्देशों और आबकारी आयुक्त के आदेशों के क्रम में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *