चलती ट्रेनों में चोरी का साम्राज्य चलाने वाला ‘लारा’ गिरफ्तार! तीन मामलों में था वांछित, आरपीएफ ने दबोचा; चोरी की वारदातों में इस्तेमाल दो वाहन भी जब्त
**झांसी।** चलती ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) झांसी ने बड़ी कार्रवाई की है। यात्रियों को निशाना बनाने वाले गिरोह के सदस्य और तीन मामलों में वांछित लारा उर्फ रमजान खान को आरपीएफ ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के साथ ही चोरी की वारदातों में इस्तेमाल किए जाने वाले दो वाहनों को भी जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, लारा उर्फ रमजान खान (26) पुत्र लतीफ, निवासी दादा मियां मोहल्ला, पुलिया नंबर नौ, थाना प्रेमनगर, झांसी की तलाश की जा रही थी। आरोपी आदतन अपराधी है और पूर्व में भी दोषसिद्ध हो चुका है।
**स्टेशन परिसर में घेराबंदी कर दबोचा**
16 नवंबर को उपनिरीक्षक अंकित कुमार ने आरक्षी दशरथ सिंह के साथ वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन के आवागमन क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दोपहर 2:40 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपने साथियों के साथ चलती ट्रेनों में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
**निशानदेही पर दो वाहन जब्त**
आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थलों की पहचान की गई। साथ ही चोरी की वारदातों में इस्तेमाल की गई होंडा एक्टिवा (यूपी 93 एआर 9115) और हीरो मोटरसाइकिल (यूपी 93 डब्ल्यू 4947) को जब्त कर लिया गया।
17 नवंबर को आरोपी को तीनों मामलों में रेलवे के अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) न्यायालय, झांसी के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार झांसी भेज दिया गया।
रेल यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे संपत्ति की चोरी पर अंकुश लगाने के लिए आरपीएफ झांसी द्वारा अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
**रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS**










