साथियों ने बना दिया आरपीएफ का प्रवक्ता, अब क्या कहूं! आरपीएफ के गुड वर्क की खबरें देखकर साथियों ने ली चुटकी, बोले– प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी संभाल लो अच्छे कार्यों की सराहना करना चापलूसी नहीं, पत्रकारिता का धर्म है, कमियों पर सवाल उठाना भी जरूरी न विभाग से कोई नियुक्ति, न प्रवक्ता का पद और न वेतन… फिर भी साथियों का प्यार मिला बेशुमार!

झांसी। पत्रकारिता के अपने अलग ही रंग हैं। कभी खबरों को लेकर चर्चा होती है तो कभी खबरें लिखने वाले पत्रकार ही चर्चा का विषय बन जाते हैं। इन दिनों कुछ साथी मजाकिया अंदाज में नवीन यादव को आरपीएफ का प्रवक्ता घोषित करने पर तुले हुए हैं। उनका कहना है कि आरपीएफ के अच्छे कार्यों और उपलब्धियों से जुड़ी खबरें इतनी प्रकाशित करते हो कि अब प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी संभाल ही लो।

साथियों की इस टिप्पणी पर मुस्कुराना तो बनता है, लेकिन एक बात स्पष्ट करना भी जरूरी है कि मैं किसी विभाग का प्रवक्ता नहीं, बल्कि पत्रकार हूं।

पत्रकारिता का उद्देश्य समाज और जनता तक सही जानकारी पहुंचाना है। आरपीएफ के जवान यात्रियों की सुरक्षा, संकट में फंसे लोगों की मदद, मानवीय संवेदनाओं और सराहनीय कार्यों के जरिए कोई अच्छा उदाहरण प्रस्तुत करते हैं तो उन कार्यों को भी समाचारों में जगह मिलनी चाहिए। आखिर अच्छे कार्यों की सराहना करना भी पत्रकारिता का हिस्सा है।

मेरा मानना है कि किसी विभाग की अच्छी पहल की सराहना करना उसकी चापलूसी नहीं और उसकी कमियों पर सवाल उठाना दुश्मनी नहीं है। पत्रकार का दायित्व है कि वह उपलब्धियों को भी सामने लाए और जहां सवाल खड़े हों, वहां निष्पक्षता के साथ अपनी कलम चलाए।

साथियों का यह अपनापन और मजाकिया टिप्पणी भी पत्रकारिता के सफर का एक दिलचस्प हिस्सा है। हां, अगर प्रवक्ता घोषित कर ही दिया है तो इतना जरूर कहूंगा कि अभी तक न नियुक्ति पत्र मिला है, न पद मिला है और न ही वेतन तय हुआ है!

न पद का मोह, न किसी विभाग का प्रवक्ता बनने की चाह… बस कलम का रिश्ता सच्चाई से है।

रिपोर्ट: नवीन यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *