स्टेशन के रास्ते में खड़े दोपहिया वाहन कहीं बाधा न बन जाएं! 40 दिन तक प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर चलेगा बैलास्टलेस ट्रैक निर्माण कार्य, मलबा ढोने के लिए बड़ी संख्या में निकलेंगी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां 58 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदलेंगे, 17 ट्रेनों के मार्ग होंगे परिवर्तित; रास्तों पर बेतरतीब खड़े वाहनों से बढ़ सकती है परेशानी
झांसी। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर 20 नवंबर से 29 दिसंबर तक प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बैलास्टलेस (गिट्टी रहित) ट्रैक निर्माण का कार्य कराया जाएगा। करीब 40 दिनों तक चलने वाले इस निर्माण कार्य के चलते प्लेटफॉर्म नंबर-1 से ट्रेनों का आवागमन बंद रहेगा। निर्माण कार्य के दौरान मलबा बाहर ले जाने और निर्माण सामग्री पहुंचाने के लिए बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आवाजाही भी रहेगी।
स्टेशन परिसर में निर्माण कार्य के चलते पहले से ही रास्तों के आसपास बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन खड़े दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि जब मलबे की ढुलाई के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉलियां बड़ी संख्या में निकलेंगी, तब रास्ते में खड़े ये वाहन कहीं आवागमन में बाधा न बन जाएं। यदि दोपहिया वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल के बजाय रास्तों पर खड़े रहे तो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को निकलने में परेशानी हो सकती है और जाम की स्थिति भी बन सकती है।
58 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदलेंगे, 17 के मार्ग परिवर्तित
निर्माण कार्य के चलते रेल परिचालन में भी बदलाव किया गया है। इसके तहत 58 ट्रेनों को दूसरे प्लेटफॉर्म पर स्थानांतरित किया जाएगा, जबकि 17 ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित (डायवर्ट) किए जाएंगे। इससे यात्रियों को भी अपनी ट्रेन के प्लेटफॉर्म और मार्ग की जानकारी पहले से प्राप्त करनी होगी, ताकि स्टेशन पर अनावश्यक भागदौड़ से बचा जा सके।
रेलवे प्रशासन के सामने यातायात व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती
40 दिनों तक चलने वाले इस निर्माण कार्य में रेलवे प्रशासन के सामने ट्रेनों के संचालन के साथ-साथ स्टेशन परिसर की यातायात व्यवस्था बनाए रखने की भी चुनौती होगी। मलबा ढोने वाले वाहनों के लिए आवागमन का उचित प्रबंध, रास्तों पर खड़े दोपहिया वाहनों को व्यवस्थित कराना और रास्तों को बाधामुक्त रखना जरूरी होगा। निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों और राहगीरों की सुरक्षा तथा सुविधा का भी ध्यान रखना होगा।
रिपोर्ट नवीन यादव | VERDICT NEWS










