5 जोन में बंटे बीडा के 33 गांव, अब पंचायत भवन में लिए जाएंगे सहमति पत्र
झांसी। 33 गांवों में विकसित हो रहे बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) में जमीन खरीद की प्रक्रिया में और तेजी लाने के लिए इसे 5 जोन में बांटा गया है। हर जोन की जिम्मेदारी एसडीएम को दी गई है, जो टीम के साथ पंचायत भवन में बैठकर जमीन खरीद के लिए भू-स्वामियों से सहमति पत्र लेंगे।
33 गांवों में 56,662 एकड़ में बीडा को बसाया जाना है। बीडा का मास्टर प्लान सिंगापुर की कंपनी ने तैयार किया है। अब तक 33 गांवों की 20 हजार एकड़ भूमि की खरीद की जा चुकी है। इस पर 10 हजार से ज्यादा काश्तकारों को 2700 करोड़ रुपये का भुगतान भी किया जा चुका है। अभी जमीन खरीद के लिए सहमति लेने के लिए तहसील की टीम गांव-गांव जाती है। मगर अब इसमें बदलाव किया गया है। बीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी बिमल कुमार दुबे ने बताया कि अब 33 गांवों को पांच जोन में बांट दिया गया है। प्रत्येक जोन में उप जिलाधिकारी के साथ एक-एक लेखपाल और पंचायत सचिव/ सहायक तैनात रहेंगे। ये सभी पंचायत भवन में उपस्थित रहेंगे। रोजाना प्रत्येक गांव में अभियान शुरू कर सहमति पत्र लिए जाएंगे। बीडा को बैनामा कराने से संबंधित समस्याओं का समाधान भी करेंगे।










