मोदी से सीखें नेतन्याहू… भारत ने अमेरिका के साथ ऐसा क्या किया जिसकी इजरायली मीडिया कर रहा तारीफ !
डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में अमेरिका और भारत संबंध एक गंभीर विश्वास के संकट से जूझ रहे हैं। डोनाल्ड ट्रंप और उनके सिपहसालार लगातार भारत के खिलाफ हमलावर रुख अपनाए हुए हैं। बीते महीने के आखिर में अमेरिका ने भारतीय सामानों के आयात पर 50 फीसदी का भारी टैरिफ लगा दिया, जो एशिया में किसी भी देश पर सबसे ज्यादा है। वहीं, दुनिया में ब्राजील के साथ टॉप पर है। दोनों देशों में तनाव के पीछे टैरिफ नीति, रूस के साथ भारत की दोस्ती के साथ ही पाकिस्तान के साथ भारत के सैन्य संघर्ष पर ट्रंप की टिप्पणियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लगातार भारत के खिलाफ टिप्पणियां की। उन्होंने रूस और भारत की अर्थव्यवस्था को डेड इकनॉमी कहा। पीटर नवारो जैसे उनके करीबी ने तो और भी तीखे हमले किए। उन्होंने यूक्रेन युद्ध को मोदी का युद्ध कहा। अमेरिकी वाणिज्य मंत्री ने तो यहां तक कह दिया कि भारत माफी मागेगा, लेकिन असल बात है कि भारत ने अमेरिकी बयानों पर प्रतिक्रिया नहीं दी। भारत ने खुलकर ट्रंप के दावे को खारिज कर दिया और कहा अमेरिका ने भारत-पाकिस्तान युद्धविराम में कोई भूमिका अदा नहीं की थी।










