UP सरकार की माटी कला योजना से मिलेगा 10 लाख का लोन, 25% की मिलेगी सब्सिडी; ऐसे करें आवेदन
उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए माटी कला योजना चला रही है, जिसके तहत मिट्टी के हुनर से उद्योग लगाने के लिए 10 लाख रुपये तक का ऋण और 25% अनुदान मिलता है।
प्रदेश सरकार शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए कई योजनाएं चला रही है। इसमें अगर आप में मिट्टी से हुनर दिखाने का दम है तो आप लाखों रुपये कमा सकते हैं। उत्तर प्रदेश खादी और ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा माटी कला योजना चलाई जा रही है। इसमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार शिक्षित युवाओं के लिए 10 लाख रुपये तक का लोन दिया जाता है।
इसके लिए सरकार की ओर से लोन लेकर आप अपने शहर और गांव में माटी कला उद्योग लगा सकते हैं। प्रदेश सरकार की माटी कला योजना इन दिनों लोगों को खूब भा रही है और अपनी ओर आकर्षित कर रही है। इस योजना के तहत कुल धनराशि पर 25 प्रतिशत का अनुदान सरकार की ओर से दिया जा रहा है।
10 जून तक होंगे ऑनलाइन आवेदन
इस योजना के लिए आवेदक की उम्र 18 से 55 साल तक होनी चाहिए। इसके साथ ही बेरोजगार कारीगर upmatikalaboard.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस योजना से पारंपरिक मिट्टी और शिल्पकला जैसे पुराने हस्तशिल्प उद्योगों को नया जीवन मिलता है, जिससे ये फिर से उभर सकें।
इस योजना में मिट्टी के बर्तन, घड़ा, सुराही, जग, कुल्हड़, ग्लास, अचारदानी, कटोरी, कप, प्लेट आदि के उद्योग स्थापित करने के लिए अनुदान दिया जाता है। इसके अलावा खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा खादी नीति के अंतर्गत वर्ष 2026-27 के निए निश्शुल्क मोटराइज्ड दोना मेकिंग मशीन टूल किट्स के वितरण के लिए आठ लाभार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, 11 जून तक आवेदन कर सकते हैं।
माटीकला में निश्शुल्क इलेक्ट्रिक चाक के लिए इस साल 40 लाभार्थियों का लक्ष्य मिला है। इसके लिए 10 जून तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा।










