इंदौर के व्यापारी को सोना दिलाने का लालच देकर दस लाख की ठगी करने वाला मुठभेड़ में गिरफ्तार

झांसी। देर रात बरुआ सागर थाना पुलिस ने मध्यप्रदेश इंदौर के व्यापारी को कम कीमत में अधिक सोना दिलाने का लालच देकर दस लाख रुपए हड़पने वाले आरोपी को देर मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तमंचा कारतूस सहित नकदी बरामद कर ली।

जानकारी के मुताबिक मध्यप्रदेश के जिला इंदौर लसुड़िया निवासी दीपक दुबे ने बरुआ सागर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि वह अपने मित्र अजय पोलाया के साथ कबाड़ का व्यापार करता है, यहां उसके मित्र रवि परिहार के साथ उसकी मुलाकात दीपचंद्र कुशवाह से हुई थी। दीपचंद्र कुशवाहा ने उसे बताया था कि उसके पास बड़ी मात्रा में सोना है ओर वह उसे बाजार से कम कीमत में बेचना चाह रहा है। इस पर दीपक दुबे उसकी बातों में आ गया ओर तय सीमा के अनुसार दीपक अपने घर से दस लाख रुपया लेकर वह अपने मित्र के साथ 2 जून को दीपचंद्र के बुलाने पर बरुआ सागर स्थित मनसिल माता मंदिर पहुंच गया। जहां दीपचंद्र अपने साथी के साथ आया ओर सोना का नमूना दिखाकर उससे दस लाख रुपया ले लिया ओर भाग गए। पीड़ित का आरोप है कि उसने कई बार फोन पर संपर्क किया तो आरोपी ने उसे सोना ओर पैसे देने से मना करते हुए जान से मारने की धमकी दीं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी थी। मामला संज्ञान में आने के बाद एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बरुआ सागर पुलिस को कार्यवाही के निर्देश दिए। एसएसपी के निर्देशन के बाद सक्रिय हुई बरुआ सागर पुलिस ने आरोपी दीप चंद्र की तलाश शुरू कर दी थी। देर रात धमना रोड पर दीपचंद्र का पुलिस से आमना सामना हो गया। पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया तो वह पुलिस पर तमंचे से हवाई फायरिंग कर भागने लगा। पुलिस टीम ने भी बंदूक से जवाबी हवाई फायरिंग कर घेराबंदी करते हुए आरोपी दीपचंद्र को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट के 6 लाख 27 हजार रुपए नकद, एक तमंचा, दो कारतूस सहित एक मोबाइल फोन बरामद कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *