पूर्व मंत्री अजय सूद ने अखिलेश यादव की पुत्री के नाम से की गई घिनौनी हरकत की कड़ी निंदा की
रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी। उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री अजय सूद ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री के नाम का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक एवं घिनौनी हरकत की कड़ी निंदा की है।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी नेता के परिवार और बच्चों को निशाना बनाना बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। यह न केवल सामाजिक मर्यादाओं के विरुद्ध है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों पर भी आघात है।
अजय सूद ने कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की आड़ में बेशर्मी की सभी हदें पार की जा रही हैं। किसी की पुत्री के नाम का दुरुपयोग कर अशोभनीय सामग्री प्रसारित करना घृणित मानसिकता का परिचायक है, जिसे किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसे लोगों पर कानून के अनुसार सख्त कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की अमर्यादित और अनैतिक हरकत करने का साहस न कर सके।










