झांसी पुलिस का तस्करों पर बड़ा प्रहार: 1.75 करोड़ का 350 किलो गांजा बरामद, चार अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

रिपोर्ट: नवीन यादव

झांसी। जनपद झांसी पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। थाना रक्सा पुलिस एवं एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) झांसी की संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर कार्रवाई करते हुए करीब 350 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.75 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस दौरान पुलिस ने चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक ट्रक, एक कार तथा आठ मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 14 जून को मुखबिर की सूचना पर थाना रक्सा पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने एनएच-44 स्थित कसिजवाहा तिराहे के पास सघन वाहन चेकिंग की। इस दौरान एक ट्रक और उसके आगे चल रही कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ थाना रक्सा में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से ओडिशा से सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। इस बार भी तस्कर ट्रक में गांजे की खेप लादकर तथा आगे कार से निगरानी करते हुए उसे गंतव्य तक पहुंचाने की योजना बना रहे थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते उनका नेटवर्क बेनकाब हो गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 350 किलोग्राम गांजा, ट्रक संख्या UP-80 ET-0669, कार संख्या MP-33 C-4935 तथा आठ मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और तस्करी से जुड़े अन्य साथियों के संबंध में भी जांच की जा रही है।

झांसी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे तत्वों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *