उत्तर मध्य रेलवे झांसी मंडल रेल चिकित्सालय में 77 वर्षीय रेल पेंशनर के टूटे कूल्हे का अत्याधुनिक तकनीक से सफल ऑपरेशन, विशेषज्ञों ने फिर चलने की दिलाई उम्मीद
रिपोर्ट: नवीन यादव
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल रेल चिकित्सालय ने एक और महत्वपूर्ण चिकित्सकीय उपलब्धि अपने नाम की है। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के कुशल नेतृत्व एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्रा के मार्गदर्शन में चिकित्सालय के वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी एवं अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. योगेश कुमार कुशवाहा ने 77 वर्षीय रेल पेंशनर के टूटे हुए कूल्हे का अत्याधुनिक तकनीक से सफल ऑपरेशन कर उन्हें फिर से चलने की उम्मीद दी है।
जानकारी के अनुसार बुजुर्ग रेल पेंशनर गिरने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दुर्घटना में उनके बाएं कूल्हे की हड्डी कई हिस्सों में टूट गई थी, जिससे वे पूरी तरह चलने-फिरने में असमर्थ हो गए थे। उन्हें तत्काल मंडल रेल चिकित्सालय, झांसी में भर्ती कराया गया। एक्स-रे एवं अन्य आवश्यक जांचों में चिकित्सकों ने पाया कि मरीज अत्यधिक रक्ताल्पता (एनीमिया), उच्च रक्तचाप तथा हृदय रोग से भी पीड़ित हैं। इन जटिल परिस्थितियों के कारण शल्यक्रिया अत्यंत चुनौतीपूर्ण और उच्च जोखिम वाली थी।
ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञों की टीम ने विस्तृत चिकित्सकीय परीक्षण एवं सावधानीपूर्वक योजना के बाद प्रॉक्सिमल फेमरल नेल एंटी-रोटेशन (PFNA-II) तकनीक का उपयोग करते हुए टाइटेनियम इम्प्लांट्स की सहायता से सफल ऑपरेशन किया। यह आधुनिक तकनीक से की गई जटिल सर्जरी विशेषज्ञ चिकित्सकों के अनुभव, दक्षता और समन्वित प्रयास का उत्कृष्ट उदाहरण बनी।
इस सफल शल्यक्रिया में वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी (अस्थि रोग) डॉ. योगेश कुमार कुशवाहा, एनेस्थेटिस्ट डॉ. अजीत लहरिया, नर्सिंग सुपरिटेंडेंट मुकेश यादव, श्योराज सिंह, मनोज, ड्रेसर माथुर, संदीप तथा मो. सलीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति संतोषजनक है तथा उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। चिकित्सकों के अनुसार समय पर की गई इस आधुनिक शल्यक्रिया से मरीज के पुनः सामान्य रूप से चलने-फिरने की संभावना काफी बढ़ गई है।
मरीज के परिजनों ने सफल उपचार के लिए मंडल रेल चिकित्सालय, झांसी की चिकित्सकीय टीम एवं रेल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। यह सफलता उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल रेल चिकित्सालय में उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, विशेषज्ञ चिकित्सकों की दक्षता तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का उत्कृष्ट उदाहरण है।










