रिपोर्ट: नवीन यादव
झांसी। कानपुर जोन की अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने बुधवार को झांसी दौरे के दौरान कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली पारदर्शी, संवेदनशील एवं जनोन्मुखी होनी चाहिए, जिससे आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हो।
झांसी आगमन पर पुलिस लाइन में एडीजी श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ का पुलिस गार्द द्वारा विधिवत सलामी देकर स्वागत किया गया। इसके बाद पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं पत्रकारों से अलग-अलग संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव एवं अपेक्षाएं सुनीं तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की।
जनप्रतिनिधियों से वार्ता के दौरान उन्होंने क्षेत्रीय कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए प्राप्त सुझावों को गंभीरता से लेकर उनके प्रभावी क्रियान्वयन का आश्वासन दिया।
व्यापारी प्रतिनिधियों से संवाद में उन्होंने व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण एवं सुरक्षित कारोबारी वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुलिस की सक्रियता और बढ़ाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
पत्रकारों से बातचीत में एडीजी ने पुलिस एवं मीडिया के बीच बेहतर समन्वय पर बल देते हुए कहा कि मीडिया समाज और पुलिस के बीच एक सशक्त सेतु है, जो जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इसके उपरांत एडीजी ने जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण, जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान तथा जनसुनवाई व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा जनता की शिकायतों का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितैषी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक नगर (एसपी सिटी), पुलिस उपाधीक्षकगण सहित जनपद के अन्य राजपत्रित पुलिस अधिकारी एवं थाना प्रभारी मौजूद रहे।










