वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेन्द्र कुमार शर्मा के निर्देशन में चला ‘ऑपरेशन संरक्षा’, आरपीएफ ने ग्रामीणों को रेल सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी/ बांदा। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेल सुरक्षा बल, झांसी जितेन्द्र कुमार शर्मा के निर्देशन में रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) बांदा द्वारा ‘ऑपरेशन संरक्षा’ के अंतर्गत रेलवे ट्रैक के आसपास रहने वाले ग्रामीणों को रेल सुरक्षा संबंधी नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
प्रभारी निरीक्षक सुरुचि द्विवेदी ने आरपीएफ के हल्का बीट स्टाफ के साथ रेलवे सेक्शन बांदा–डिंगवाही के मध्य किलोमीटर संख्या 1322/00 से 1324/15 तक ट्रैक पेट्रोलिंग की। इस दौरान संवेदनशील क्षेत्र बड़ोखर खुर्द के ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें रेल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण निर्देशों की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को रेल लाइन पार न करने, रेल पटरी पर पत्थर, गिट्टी, लकड़ी आदि न रखने, चलती ट्रेनों पर पत्थरबाजी (स्टोन पेल्टिंग) न करने तथा अपने मवेशियों को रेलवे ट्रैक से दूर रखने की अपील की गई। साथ ही यात्रा के दौरान अनधिकृत रूप से चेन पुलिंग न करने, इंजन, छत या पायदान पर बैठकर यात्रा न करने, ज्वलनशील एवं विस्फोटक पदार्थ लेकर यात्रा न करने तथा किसी अपरिचित व्यक्ति से खाने-पीने की सामग्री स्वीकार न करने के संबंध में भी जागरूक किया गया।
इसके अलावा रेलवे के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 139 की जानकारी देकर ग्रामीणों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे प्रशासन को देने की अपील की गई।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि ‘ऑपरेशन संरक्षा’ का उद्देश्य रेलवे संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना, ट्रेन संचालन को सुरक्षित बनाए रखना तथा यात्रियों और आमजन में रेल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *