आईजी आरपीएफ राजीव यादव के विशेष चेकिंग अभियान में फर्जी मीडियाकर्मियों का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

 

रिपोर्ट नवीन यादव
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे में आईजी आरपीएफ राजीव यादव के निर्देश पर रेलवे स्टेशनों पर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग एवं सुरक्षा अभियान के तहत जबलपुर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्वयं को मीडियाकर्मी बताकर यात्रियों एवं अधिकृत वेंडरों के वीडियो बनाने, उन्हें धमकाने तथा रेलवे कर्मचारियों के कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जबकि उनका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

आरपीएफ पोस्ट जबलपुर के उप निरीक्षक योगेंद्र सिंह के नेतृत्व में स्टेशन परिसर में संदिग्ध रूप से घूम रहे चार व्यक्तियों को पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान उनके पास रेलवे परिसर में प्रवेश का कोई वैध अधिकार पत्र नहीं मिला।

जांच में सामने आया कि 15 जून की रात आरोपित प्लेटफॉर्म संख्या दो एवं तीन पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने यात्रियों, महिलाओं तथा अधिकृत वेंडरों के वीडियो बनाए और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोपित स्वयं को मीडियाकर्मी बताकर वेंडरों को धमका रहे थे तथा रेलवे कर्मचारियों के कार्य में भी बाधा उत्पन्न कर रहे थे।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रोहित रजक, देवेंद्र विनोदिया, संतोष लालवानी तथा फिरोज खान उर्फ अक्कू के रूप में हुई है। वहीं दीपक सोनकर फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

आरपीएफ ने सभी आरोपितों के विरुद्ध रेल अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आईजी आरपीएफ राजीव यादव के निर्देशन में रेलवे परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा अनधिकृत गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *