डीआरएम अनिरुद्ध कुमार की मौजूदगी में रेल संरक्षा आयुक्त ने किया खैरार–अकोना दूसरी रेल लाइन का वैधानिक निरीक्षण
120 किमी/घंटा की रफ्तार से सफल स्पीड ट्रायल, संरक्षा एवं परिचालन व्यवस्थाओं का हुआ गहन परीक्षण
रिपोर्ट नवीन यादव अमर स्तम्भ
झांसी, 19 जून। झांसी रेल मंडल द्वारा यात्री सुविधाओं के उन्नयन एवं रेल परिचालन क्षमता में वृद्धि के उद्देश्य से खैरार एवं अकोना स्टेशनों के मध्य 18.50 किलोमीटर लंबी नव निर्मित एवं विद्युतीकृत दूसरी रेल लाइन का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इस रेलखंड पर रेल संरक्षा आयुक्त (पूर्वोत्तर परिमंडल) प्रणजीव सक्सेना द्वारा दो दिवसीय वैधानिक निरीक्षण संपन्न किया गया।
निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त प्रणजीव सक्सेना ने मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण), उत्तर मध्य रेलवे राजकुमार वानखेड़े एवं मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अनिरुद्ध कुमार की उपस्थिति में खैरार–अकोना रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नव निर्मित एवं विद्युतीकृत दूसरी रेल लाइन के ट्रैक, संरक्षा व्यवस्थाओं, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली, ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई), ट्रैक्शन व्यवस्था, स्विचिंग प्वाइंट्स तथा अन्य तकनीकी संस्थापनों का गहन परीक्षण किया गया।
रेल संरक्षा आयुक्त ने मोटर ट्रॉली से खैरार–अकोना रेलखंड का निरीक्षण करते हुए ट्रैक की गुणवत्ता, संरक्षा मानकों एवं मार्ग में स्थित विभिन्न इंजीनियरिंग संरचनाओं का अवलोकन किया। इस दौरान बाया ब्रिज सहित अन्य पुलों एवं रेल परिसंपत्तियों की कार्यक्षमता और संरक्षा का भी परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में अकोना स्टेशन का संरक्षा एवं परिचालन की दृष्टि से गहन निरीक्षण किया गया। स्टेशन पर उपलब्ध संरक्षा व्यवस्थाओं, परिचालन प्रणाली, सिग्नलिंग व्यवस्था तथा यात्री सुविधाओं का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अकोना स्टेशन के रिले रूम, स्टेशन भवन तथा तकनीकी एवं परिचालन से जुड़े विभिन्न संस्थापनों की कार्यप्रणाली एवं गुणवत्ता की भी समीक्षा की गई। साथ ही स्टेशन पर कार्यरत कर्मचारियों से संरक्षा एवं परिचालन संबंधी जानकारी प्राप्त कर उनकी कार्यकुशलता का परीक्षण किया गया।
निरीक्षण उपरांत खैरार–अकोना रेलखंड पर 120 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से सफल स्पीड ट्रायल किया गया। इस दौरान रेल ट्रैक, संरक्षा मानकों एवं परिचालन व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया। सफल स्पीड ट्रायल इस रेलखंड पर सुरक्षित, सुचारू एवं आधुनिक रेल संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
इस निरीक्षण एवं सफल स्पीड ट्रायल से खैरार–अकोना रेलखंड की परिचालन क्षमता में वृद्धि होगी तथा क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं तेज रेल सेवाओं का लाभ मिलेगा।
- इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) राजकुमार वानखेड़े, मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार, वरिष्ठ मंडल अभियंता (पूर्व) आयुष श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) नीरज भटनागर, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक सीमा तिवारी, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (टीआरडी) सतवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर (ब्रांच लाइन) रश्मि गौतम सहित मुख्यालय, निर्माण संगठन एवं मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










