सीनियर डीसीएम डॉ. मधुर वर्मा के निर्देशन में जबलपुर स्टेशन पर चला सघन टिकट जांच अभियान, 49 मामलों में कार्रवाई

 

रिपोर्ट: नवीन यादव

जबलपुर। सीनियर डीसीएम डॉ. मधुर वर्मा के निर्देशन में जबलपुर रेलवे स्टेशन पर वाणिज्य विभाग एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा संयुक्त रूप से विशेष सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान सिंगरौली–जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के आगमन के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 1, 2 एवं 3 पर संचालित किया गया।

अभियान का नेतृत्व डीसीटीआई संदीप श्रोती, हेड टिकट परीक्षक बृजेश तिवारी तथा आरपीएफ उपनिरीक्षक धीरज कुमार ने किया। अभियान में वाणिज्य विभाग के 6 टिकट जांच कर्मचारियों एवं आरपीएफ के 3 जवानों ने संयुक्त रूप से जांच कार्रवाई को अंजाम दिया।

जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों, अनियमित यात्रा करने वालों, प्लेटफॉर्म एवं स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने वाले व्यक्तियों तथा बिना बुक कराए अतिरिक्त सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई।

विशेष अभियान के दौरान कुल 49 प्रकरण दर्ज किए गए। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुविधा, राजस्व सुरक्षा एवं स्टेशन परिसर में अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से इस प्रकार के सघन टिकट जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *