डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने 53 रेल कर्मचारियों को दी सम्मानजनक विदाई, 17.48 करोड़ रुपये का समापन भुगतान
रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी, 30 जून। झांसी मंडल में मंगलवार को आयोजित सेवानिवृत्ति समारोह में मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने जून 2026 में सेवानिवृत्त हुए 53 रेल कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी। इस अवसर पर कर्मचारियों को 17.48 करोड़ रुपये का समापन भुगतान, भुगतान प्रपत्र तथा सेवा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। समारोह का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, झांसी के सभागार में किया गया।
समारोह के दौरान सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के समापन भुगतान राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक निधि अंतरण प्रणाली के माध्यम से उनके खातों में भेजे गए। साथ ही सभी कर्मचारियों को पेंशन भुगतान आदेश भी जारी किए गए, जिससे उन्हें सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले लाभ समय पर उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा, सहायक मंडल वित्त प्रबंधक पारस राम मिश्र सहित मंडल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों की भारतीय रेल में दी गई दीर्घकालीन एवं समर्पित सेवाओं की सराहना करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के उत्तम स्वास्थ्य, सुखद एवं मंगलमय भविष्य की कामना की तथा कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी सभी कर्मचारी रेल परिवार का अभिन्न हिस्सा बने रहेंगे।










