झांसी: ऑटो चालक शिवा की ईमानदारी बनी मिसाल, लाखों के जेवरों से भरा बैग लौटाया, एसपी जीआरपी ने किया सम्मानित
रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी। शहर में ईमानदारी की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। ऑटो चालक शिवा ने महिला यात्री का लाखों रुपये के जेवरों से भरा बैग सुरक्षित लौटाकर अपनी ईमानदारी और जिम्मेदारी का परिचय दिया।
जानकारी के अनुसार, महिला यात्री अपना बैग ऑटो में भूल गई थीं। बैग में लाखों रुपये मूल्य के आभूषण रखे थे। बैग मिलने पर ऑटो चालक शिवा ने बिना किसी लालच के इसकी सूचना जीआरपी को दी। जीआरपी ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए बैग को उसके वास्तविक स्वामी तक सुरक्षित पहुंचाया।
ऑटो चालक शिवा की ईमानदारी और सराहनीय कार्य को देखते हुए एसपी जीआरपी झांसी विपुल कुमार श्रीवास्तव ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे ईमानदार नागरिक समाज के लिए प्रेरणा हैं और उनके कार्य से पुलिस तथा आमजन के बीच विश्वास और मजबूत होता है।
शिवा की इस ईमानदारी की शहरभर में सराहना हो रही है।










