वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन से आरपीएफ और जीआरपी की निगरानी रवाना हुई ट्रेन: यूपी टीईटी परीक्षा
रिपोर्ट नवीन यादव
झाँसी मंडल में यूपीटीईटी परीक्षा-2026 के दृष्टिगत यात्रियों एवं परीक्षार्थियों की सुरक्षा, सुविधा तथा सुगम आवागमन सुनिश्चित करने हेतु व्यापक व्यवस्थाओं के बीच एक ट्रेन को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की कड़ी निगरानी में सुरक्षित रूप से रवाना किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के निर्देशन में 02 जुलाई से 04 जुलाई 2026 तक प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन एवं यात्री सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी रेलवे स्टेशन, ललितपुर रेलवे स्टेशन, बाँदा रेलवे स्टेशन, महोबा रेलवे स्टेशन, उरई रेलवे स्टेशन तथा चित्रकूट धाम कर्वी रेलवे स्टेशन पर वरिष्ठ अधिकारियों की 24×7 ड्यूटी लगाई गई है, जो स्टेशन संचालन, भीड़ नियंत्रण एवं यात्री सुविधाओं की सतत निगरानी कर रहे हैं।
परीक्षार्थियों की सहायता हेतु सभी प्रमुख स्टेशनों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं, जहाँ परीक्षा केंद्रों की जानकारी, स्थानीय परिवहन, ट्रेन संचालन, प्लेटफॉर्म संबंधी सूचना एवं आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। आवश्यकता अनुसार विशेष ट्रेनों का भी संचालन किया जा रहा है।
स्टेशनों एवं ट्रेनों में पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, पंखे, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट तथा स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आरपीएफ एवं जीआरपी के जवानों की संवेदनशील स्थानों पर तैनाती की गई है तथा मंडल मुख्यालय स्थित वार रूम से पूरे तंत्र की निरंतर निगरानी की जा रही है।
झाँसी मंडल ने कहा है कि यूपीटीईटी परीक्षा-2026 के दौरान सभी यात्रियों एवं परीक्षार्थियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।










