झांसी मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय की स्टाफ कैंटीन के संचालन के लिए निजी एजेंसियों से प्रस्ताव आमंत्रित

रिपोर्ट नवीन यादव

झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर स्थित स्टाफ कैंटीन के संचालन के लिए निजी एजेंसियों एवं पात्र फर्मों से सीलबंद प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं। इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों को बेहतर, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खान-पान की सुविधा उपलब्ध कराना है।

रेल प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार इच्छुक एजेंसियां एवं फर्में निर्धारित प्रारूप में अपने सीलबंद प्रस्ताव 13 जुलाई 2026 को अपराह्न 3:00 बजे तक मंडल रेल प्रबंधक (कार्मिक), झांसी के पक्ष में जमा कर सकती हैं। प्रस्ताव कार्मिक शाखा के कल्याण अनुभाग में स्थापित सीलबंद कोटेशन बॉक्स में निर्धारित समय सीमा के भीतर जमा करना अनिवार्य होगा। समय सीमा समाप्त होने के बाद प्राप्त किसी भी प्रस्ताव पर विचार नहीं किया जाएगा।

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्टाफ कैंटीन का संचालन ऐसी एजेंसी को सौंपा जाएगा, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ सभी नियमों एवं शर्तों का पालन सुनिश्चित कर सके।

कोटेशन प्रक्रिया, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज तथा अन्य शर्तों से संबंधित विस्तृत जानकारी इच्छुक एजेंसियां कार्यालय समय में मंडल रेल प्रबंधक (कार्मिक) कार्यालय के कल्याण अनुभाग से प्राप्त कर सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *