स्वचालित टिकट मशीन से लें अनारक्षित टिकट, कतारों से मिलेगी राहत झांसी मंडल ने यात्रियों को स्वयंसेवी टिकट सुविधा अपनाने के लिए किया जागरूक
रिपोर्ट : नवीन यादव
झांसी। यात्रियों को त्वरित एवं सुविधाजनक टिकट सुविधा उपलब्ध कराने तथा टिकट काउंटरों पर लगने वाली भीड़ कम करने के उद्देश्य से झांसी मंडल ने स्वचालित टिकट मशीनों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान चलाया है। मंडल के 30 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर कुल 65 स्वचालित टिकट मशीनें स्थापित की गई हैं, जिनके माध्यम से यात्री स्वयं अनारक्षित यात्रा टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट तथा मासिक यात्रा पास का नवीनीकरण आसानी से करा सकते हैं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा ने बताया कि स्वचालित टिकट मशीन का संचालन अत्यंत सरल है। यात्री स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन कर अपने गंतव्य स्टेशन का चयन करते हुए कुछ ही मिनटों में टिकट प्राप्त कर सकते हैं। कई स्टेशनों पर इन मशीनों में डिजिटल भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे नकद राशि रखने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अधिकाधिक संख्या में स्वचालित टिकट मशीनों का उपयोग करें, जिससे समय की बचत होगी और टिकट काउंटरों पर अनावश्यक भीड़ कम होगी।
मशीन से टिकट प्राप्त करने के लिए सबसे पहले हिंदी भाषा का चयन करें। इसके बाद अपनी आवश्यकता के अनुसार अनारक्षित यात्रा टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट अथवा मासिक यात्रा पास नवीनीकरण का विकल्प चुनें। फिर गंतव्य स्टेशन का नाम या कोड दर्ज करें तथा यात्रियों की संख्या, यात्रा का प्रकार और अन्य आवश्यक विवरण भरें। सभी जानकारी की पुष्टि करने के बाद उपलब्ध डिजिटल भुगतान माध्यम से भुगतान करें। भुगतान सफल होते ही टिकट मशीन से स्वतः प्राप्त हो जाएगा।
यदि किसी यात्री ने रेलवन मोबाइल अनुप्रयोग के माध्यम से पेपर टिकट बुक किया है, तो वह स्वचालित टिकट मशीन में उपलब्ध बुक टिकट प्रिंट विकल्प का उपयोग कर अपना मोबाइल नंबर अथवा बुकिंग विवरण दर्ज कर टिकट की प्रति भी प्राप्त कर सकता है।
रेल प्रशासन ने कहा है कि आवश्यकता पड़ने पर स्टेशन पर उपलब्ध रेलकर्मियों अथवा स्वचालित टिकट मशीन सहायता कर्मियों से सहयोग लिया जा सकता है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे इस सुविधा का अधिकाधिक उपयोग कर अपनी यात्रा को सरल, सुरक्षित और समयबद्ध बनाएं।










