पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने दी जानकारी: ग्वालियर–रीवा–ग्वालियर साप्ताहिक विशेष ट्रेन 8 जुलाई से चलेगी
रिपोर्ट: नवीन यादव
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ और यात्रा सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने ग्वालियर–रीवा–ग्वालियर के बीच साप्ताहिक विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन 8 जुलाई से 25 नवंबर 2026 तक प्रत्येक बुधवार संचालित होगी। 22 जुलाई को यह ट्रेन संचालित नहीं होगी। दोनों दिशाओं में कुल 20-20 फेरे लगाए जाएंगे।
गाड़ी संख्या 04191 ग्वालियर–रीवा विशेष ग्वालियर से सुबह 7:40 बजे प्रस्थान कर डबरा, दतिया, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, निवाड़ी, मऊरानीपुर, हरपालपुर, महोबा, बांदा, अतर्रा, चित्रकूटधाम कर्वी, टिकरिया, मझगवां, जैतवार और कैमा होते हुए शाम 7:40 बजे रीवा पहुंचेगी।
वहीं गाड़ी संख्या 04192 रीवा–ग्वालियर विशेष रीवा से रात 9:00 बजे प्रस्थान कर कैमा, जैतवार, मझगवां, टिकरिया, चित्रकूटधाम कर्वी, अतर्रा, बांदा, महोबा, हरपालपुर, मऊरानीपुर, निवाड़ी, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, दतिया और डबरा होते हुए सुबह 9:40 बजे ग्वालियर पहुंचेगी।
रेलवे के अनुसार इस विशेष ट्रेन में कुल 22 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। इनमें 7 स्लीपर श्रेणी, 4 एसी थ्री टियर, 3 एसी थ्री टियर इकोनॉमी, 2 एसी टू टियर, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी तथा 1 दिव्यांगजन एवं लगेज कोच शामिल रहेगा। इससे रीवा, बुंदेलखंड और ग्वालियर क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर एवं सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के संचालन, समय-सारणी और आरक्षण की अद्यतन जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस अथवा रेलवे हेल्पलाइन 139 से अवश्य प्राप्त कर लें।










