दतिया स्टेशन पर टिकट जांच का शिकंजा, 16 ट्रेनों में चला विशेष अभियान बिना टिकट यात्रा पर रेलवे का प्रहार, दतिया में 62 मामलों से ₹70,290 का राजस्व

रिपोर्ट: नवीन यादव

दतिया। झांसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के नेतृत्व में 8 जुलाई 2026 को दतिया रेलवे स्टेशन पर विशेष फोर्ट्रेस टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा यात्रियों को वैध टिकट के साथ यात्रा करने के लिए जागरूक करना था।

अभियान का पर्यवेक्षण सहायक वाणिज्य प्रबंधक, ग्वालियर आर. के. वर्मा ने किया। इस दौरान दतिया स्टेशन के प्लेटफॉर्मों के साथ-साथ गुजरने वाली विभिन्न मेल, एक्सप्रेस एवं मेमू ट्रेनों में सघन टिकट जांच की गई। अभियान के तहत 18477 उत्कल एक्सप्रेस, 11057 मुंबई–अमृतसर एक्सप्रेस, 18237 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, 20807 हीराकुंड एक्सप्रेस, 11123 ग्वालियर–बरौनी मेल, 12280 ताज एक्सप्रेस, 19665 खजुराहो–उदयपुर एक्सप्रेस, 19666 उदयपुर–खजुराहो एक्सप्रेस, 11807 झांसी–आगरा मेमू सहित कुल 16 ट्रेनों में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान कुल 62 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 31 बिना टिकट यात्रा, 29 अनियमित यात्रा, 1 बिना बुक सामान (यूबीएल) तथा 1 रेलवे अधिनियम की धारा 145 का मामला शामिल रहा। इन मामलों से कुल ₹70,290 का रेल राजस्व अर्जित किया गया।

विशेष अभियान की सफलता में सुमन देवी, विशाल सिंह, संजय गौर, मनोज त्रिपाठी, अरुण सचान एवं एम. एल. मीणा सहित टिकट जांच स्टाफ का विशेष योगदान रहा। सभी के समन्वित प्रयासों से अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

झांसी मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे सदैव वैध रेल टिकट के साथ ही यात्रा करें तथा रेलवे नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित, सुगम एवं जिम्मेदार रेल यात्रा में अपना सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *