चलती ट्रेन में बना ‘सुहागरात का केबिन’, वीडियो वायरल होते ही रेलवे की बड़ी कार्रवाई चलती ट्रेन के प्रथम वातानुकूलित कोच की सजावट पर मचा बवाल, संबंधित टिकट परीक्षक निलंबित, विभागीय जांच शुरू

रिपोर्ट नवीन यादव नई दिल्ली झांसी
भारतीय रेलवे की एक ट्रेन के प्रथम वातानुकूलित (1एसी) कोच के एक केबिन को निजी तौर पर सजाए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पर सुहागरात के कमरे की तरह सजे केबिन का वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित टिकट परीक्षक (टीसी) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला 6 जुलाई 2026 का है। ट्रेन संख्या 11002 नंदीग्राम एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक दंपति ने अपने सफर को यादगार बनाने के लिए ऑनलाइन एक निजी डेकोरेटर की सेवाएं ली थीं। बताया गया कि डेकोरेटर ट्रेन के भीतर पहुंचा और प्रथम वातानुकूलित कोच के केबिन को विशेष रूप से सजा दिया, जिसका वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन ने इसे सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक माना। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि बिना अनुमति किसी बाहरी व्यक्ति का ट्रेन के भीतर प्रवेश कर इस प्रकार सजावट करना सुरक्षा मानकों के विपरीत है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित टिकट परीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विस्तृत विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि निजी डेकोरेटर को ट्रेन में प्रवेश कैसे मिला और सुरक्षा व्यवस्था में चूक कहां हुई।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *