साबरमती एक्सप्रेस की साइट पैंट्रीकार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल खान-पान व्यवस्था पर उठे सवाल, यात्रियों ने लगाए मनमानी वसूली और अनियमितताओं के आरोप
रिपोर्ट: नवीन यादव
झांसी। झांसी से अहमदाबाद जाने वाली साबरमती एक्सप्रेस की पैंट्रीकार से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में खान-पान व्यवस्था को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिससे रेलवे की कैटरिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
वीडियो में दावा किया गया है कि पैंट्रीकार में निर्धारित संख्या से अधिक वेंडर कार्य कर रहे हैं, जबकि नियमानुसार एक प्रबंधक और आठ वेंडरों को ही अनुमति होती है। साथ ही छोटे कप में घटिया गुणवत्ता की चाय, कम वजन के समोसे, स्थानीय पैक्ड पानी को 20 रुपये प्रति बोतल में बेचने तथा भोजन की थाली 150 रुपये में उपलब्ध कराने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।
वायरल वीडियो में यह भी आरोप लगाया गया है कि खान-पान व्यवस्था का नियमित निरीक्षण नहीं हो रहा है, जिससे यात्रियों से मनमाने तरीके से वसूली की जा रही है। यात्रियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
मामले को लेकर यात्रियों ने मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा से हस्तक्षेप कर साबरमती एक्सप्रेस की पैंट्रीकार की जांच कराने, निर्धारित दरों पर गुणवत्तापूर्ण खान-पान उपलब्ध कराने तथा अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
नोट: यह समाचार सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और उसमें लगाए गए आरोपों पर आधारित है। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित रेलवे प्रशासन का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।










