वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आशीष कुमार की बड़ी कार्रवाई: समस्तीपुर आरपीएफ पोस्ट से दो शराब तस्कर फरार, एक सब इंस्पेक्टर व तीन सिपाही निलंबित

रिपोर्ट: नवीन यादव

समस्तीपुर। समस्तीपुर रेलवे स्टेशन स्थित आरपीएफ पोस्ट से दो शराब तस्करों के फरार होने के मामले में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आशीष कुमार ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। ड्यूटी में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर एक सब इंस्पेक्टर और तीन सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही सभी के विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।

निलंबित किए गए सब इंस्पेक्टर पी.के. चौधरी तथा सिपाही मनोज साह, राधेश्याम कुमार और दीपक कुमार हैं।

जानकारी के अनुसार, समस्तीपुर रेलवे स्टेशन के वाशिंग पिट क्षेत्र में छापेमारी के दौरान 191 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई थी। इसी मामले में गिरफ्तार किए गए दो शराब तस्कर आरपीएफ पोस्ट से फरार हो गए, जिसके बाद पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की गई। प्रथम दृष्टया ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आशीष कुमार ने तत्काल निलंबन की कार्रवाई करते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए।

आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद आरपीएफ पोस्ट की सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों की निगरानी प्रणाली पर भी सवाल उठे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *