आईजी राजीव कुमार यादव एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त डॉ. अभिनंदन के मार्गदर्शन में इटारसी स्टेशन पर आरपीएफ-जीआरपी का मेगा चेकिंग अभियान
रिपोर्ट: नवीन यादव
इटारसी। पश्चिम मध्य रेलवे के इटारसी रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने संयुक्त रूप से मेगा चेकिंग अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया। यह अभियान आईजी राजीव कुमार यादव, जबलपुर तथा पश्चिम मध्य रेलवे भोपाल मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त डॉ. अभिनंदन के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 सहित सभी प्लेटफॉर्मों, प्रतीक्षालयों तथा स्टेशन से गुजरने वाली प्रमुख ट्रेनों, विशेषकर जनरल एवं स्लीपर कोचों की सघन जांच की गई। कार्रवाई के दौरान बिना किसी ठोस कारण के स्टेशन परिसर में घूम रहे 30 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। साथ ही ट्रेनों में अवैध रूप से खान-पान की सामग्री बेचने वाले वेंडरों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की गई।
संयुक्त चेकिंग अभियान से स्टेशन परिसर और ट्रेनों में हड़कंप मच गया। आरपीएफ एवं जीआरपी की टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तलाशी अभियान चलाया।
अभियान के दौरान यात्रियों को सुरक्षित यात्रा के संबंध में जागरूक किया गया तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा हेल्पलाइन पर देने की अपील की गई।
रेलवे सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा, अपराधों की रोकथाम और स्टेशन परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से ऐसे संयुक्त मेगा चेकिंग अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।










