चलती मालगाड़ी पर पथराव का कथित वीडियो वायरल, आरपीएफ ने शुरू की जांच सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की सत्यता की हो रही जांच, सही पाए जाने पर दर्ज होगी एफआईआर
रिपोर्ट : नवीन यादव
प्रयागराज। चलती मालगाड़ी पर पथराव का एक कथित वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) हरकत में आ गया है। वायरल वीडियो में कुछ युवक रेलवे ट्रैक के किनारे खड़े होकर गुजर रही मालगाड़ी पर पत्थर फेंकते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो की प्रामाणिकता की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि घटना शनिवार की है, जबकि रविवार को ओडिशा के एक युवक ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर वीडियो साझा कर रेलवे से शिकायत की। चर्चा है कि यह घटना प्रयागराज के अलोपीबाग क्षेत्र की हो सकती है। घटना के दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो सामने आने के बाद पूर्वोत्तर रेलवे की आरपीएफ ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रयागराज रामबाग आरपीएफ प्रभारी दयाशंकर यादव ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद वीडियो की सत्यता और स्थान का सत्यापन कराया जा रहा है। शिकायतकर्ता पूर्व में भी रेलवे से जुड़े कई मामलों की शिकायत कर चुका है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जांच में यदि यह वीडियो प्रयागराज के अलोपीबाग क्षेत्र का और घटना वास्तविक पाई जाती है, तो संबंधित आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरपीएफ सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।










