रिपोर्ट : नवीन यादव

झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के अंतर्गत वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन के पार्सल कार्यालय में अत्याधुनिक लगेज स्कैनर मशीन स्थापित कर दी गई है। अब रेलवे के माध्यम से भेजे जाने वाले प्रत्येक पार्सल एवं सामान की अनिवार्य रूप से स्कैनिंग किए जाने के बाद ही उसकी बुकिंग की जाएगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य रेलवे पार्सल सेवा को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाना है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार स्कैनर मशीन के माध्यम से पार्सल की जांच होने से संदिग्ध, प्रतिबंधित, ज्वलनशील अथवा विस्फोटक सामग्री की पहचान आसानी से की जा सकेगी। इससे यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों तथा रेलवे संपत्ति की सुरक्षा को और अधिक मजबूती मिलेगी।

नई व्यवस्था लागू होने के बाद पार्सल बुक कराने वाले ग्राहकों को अपना सामान पहले स्कैनर मशीन से जांच के लिए प्रस्तुत करना होगा। जांच पूरी होने और सामान सुरक्षित पाए जाने के बाद ही उसकी बुकिंग की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। रेलवे प्रशासन ने पार्सल भेजने वाले ग्राहकों से सहयोग करने और समय से पहले पार्सल कार्यालय पहुंचने की अपील की है, ताकि बुकिंग प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *