भोपाल डीआरएम पंकज त्यागी के निर्देशन में बेस किचनों पर बड़ा छापा, बिना लाइसेंस संचालित बेस किचन सील वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया की निगरानी में खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच, गंदगी के बीच बन रहा था यात्रियों का भोजन

 

रिपोर्ट : नवीन यादव

इटारसी। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल के अंतर्गत इटारसी में रेलवे यात्रियों को भोजन उपलब्ध कराने वाले बेस किचनों में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी की शिकायतों पर रेलवे सुरक्षा बल ने जिला खाद्य सुरक्षा विभाग, राजस्व प्रशासन एवं स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रूप से औचक छापेमारी की। इस दौरान बेस किचनों में भारी गंदगी के बीच खाद्य सामग्री तैयार किए जाने का मामला सामने आया। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में तारीख पार खाद्य सामग्री भी बरामद की गई।

संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तारीख पार खाद्य सामग्री को जब्त कर नियमानुसार नष्ट कराया। वहीं, बिना वैध खाद्य लाइसेंस के संचालित पाए गए होटल धर्मराज के बेस किचन को तत्काल सील कर दिया गया।

इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों एवं स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी कड़ी जांच की गई। अधिकारियों ने बेस किचन संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और वैध लाइसेंस संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के निर्देशन में रेलवे से जुड़े खाद्य प्रतिष्ठानों की व्यवस्थाओं पर निगरानी और कार्रवाई का सिलसिला जारी है। कार्रवाई के बाद रेलवे से जुड़े खाद्य प्रतिष्ठानों में हड़कंप मच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *