मथुरा रेलवे स्टेशन पर मुड़िया पूर्णिमा मेले की सुरक्षा को लेकर आरपीएफ ने कसी कमर नवनियुक्त वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस. राधाकृष्णन ने आरपीएफ निरीक्षकों के साथ की बैठक, चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश

 

रिपोर्ट: नवीन यादव

मथुरा। उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल के मथुरा रेलवे स्टेशन पर मुड़िया पूर्णिमा मेले को लेकर रेलवे सुरक्षा बल ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।

नवनियुक्त वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस. राधाकृष्णन ने मथुरा रेलवे स्टेशन पर मंडल के सभी आरपीएफ निरीक्षकों के साथ बैठक कर मेले की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के कड़े और चाक-चौबंद इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। भीड़ प्रबंधन, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

मथुरा जिले के गोवर्धन में मुड़िया पूर्णिमा मेला 23 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जाएगा। मेले का मुख्य पर्व 29 जुलाई 2026, बुधवार को आषाढ़ पूर्णिमा यानी गुरु पूर्णिमा के अवसर पर होगा। इस दौरान देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के मथुरा और गोवर्धन पहुंचने की संभावना है।

मुख्य पर्व के दिन श्रद्धालु करीब 21 किलोमीटर लंबी गोवर्धन परिक्रमा करेंगे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए आरपीएफ द्वारा मथुरा रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म, प्रवेश एवं निकास द्वार, यात्री प्रतीक्षालय और यात्रियों की आवाजाही वाले प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है।

बैठक में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस. राधाकृष्णन ने आरपीएफ अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले के दौरान रेलवे स्टेशन और रेलवे परिसर में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ भीड़ को नियंत्रित करने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखने तथा श्रद्धालुओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

आरपीएफ द्वारा मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि मथुरा रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और रेल यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *