चलती मालगाड़ी पर पथराव करने वाले चार आरोपी आरपीएफ के हत्थे चढ़े सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर हुई कार्रवाई, रामबाग-झूंसी रेलखंड के अलोपीबाग में हुई थी घटना

रिपोर्ट: नवीन यादव

प्रयागराज। रामबाग-झूंसी रेलखंड के अलोपीबाग क्षेत्र में चलती मालगाड़ी पर पथराव किए जाने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए कथित वीडियो का संज्ञान लेते हुए आरपीएफ रामबाग की टीम ने जांच शुरू की थी। जांच के बाद पुलिस ने घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, 18 जुलाई को प्रयागराज रामबाग और झूंसी के बीच अलोपीबाग क्षेत्र में गुजर रही मालगाड़ी पर कुछ युवकों द्वारा पथराव किए जाने का मामला सामने आया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें रेलवे ट्रैक के किनारे खड़े कुछ युवक मालगाड़ी की ओर पत्थर फेंकते दिखाई दे रहे थे। वीडियो की सत्यता को लेकर शुरुआती दौर में जांच की जा रही थी।

वायरल वीडियो के आधार पर आरपीएफ पोस्ट प्रयागराज रामबाग में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। उच्चाधिकारियों के निर्देशन और प्रभारी निरीक्षक डीएस यादव के नेतृत्व में आरपीएफ टीम ने जांच तेज करते हुए मुखबिर की सूचना पर सोहबतियाबाग चौराहे के पास से चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम अंकुश यादव (25), विशेष यदुवंशी (23), प्रणव केशरी (19) और कार्तिकेय (21) बताया। आरपीएफ के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने मालगाड़ी पर पथराव करने की बात स्वीकार की है। इसके बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर रेल अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।

मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक काशीनाथ मिश्रा द्वारा की जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल की इस कार्रवाई के बाद रेल यात्रियों और ट्रेनों की सुरक्षा को लेकर रेलवे ट्रैक के आसपास असामाजिक गतिविधियों पर निगरानी और कड़ी किए जाने की बात कही जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *