जीआरपी पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित, पुलिस अधीक्षक विपुल कुमार श्रीवास्तव ने पुष्प अर्पित कर दी भावभीनी श्रद्धांजलि ड्यूटी के दौरान ट्रेन से गिरकर जीआरपी के मुख्य आरक्षी दीपक प्रताप सिंह की मौत

रिपोर्ट नवीन यादव

झाँसी।  22 जुलाई 2026 को थाना जीआरपी झाँसी में तैनात मुख्य आरक्षी दीपक प्रताप सिंह, पीएनओ नंबर 112057305, की ड्यूटी के दौरान ललितपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से गिरने से दुखद मृत्यु हो गई। हादसे के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल ललितपुर ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मुख्य आरक्षी दीपक प्रताप सिंह के निधन की सूचना से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। इस दुःखद घटना पर पुलिस अधीक्षक रेलवे झाँसी विपुल कुमार श्रीवास्तव एवं पुलिस उपाधीक्षक रेलवे झाँसी सलीम खान सहित समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गहरा शोक व्यक्त किया।

जीआरपी पुलिस लाइन परिसर में दिवंगत पुलिसकर्मी को श्रद्धांजलि देने के लिए श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक रेलवे झाँसी विपुल कुमार श्रीवास्तव ने दिवंगत मुख्य आरक्षी के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

पुलिस अधीक्षक रेलवे विपुल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि विभागीय ड्यूटी का निर्वहन करते हुए शहीद हुए हमारे साथी का बलिदान सदैव याद रखा जाएगा। विभाग दिवंगत पुलिसकर्मी के परिजनों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

श्रद्धांजलि सभा में पुलिस उपाधीक्षक रेलवे सलीम खान सहित जीआरपी के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके बाद दिवंगत मुख्य आरक्षी दीपक प्रताप सिंह के पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ उनके पैतृक गाँव के लिए रवाना किया गया।

रिपोर्ट: नवीन यादव

VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *