वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेन्द्र कुमार शर्मा के दिशा-निर्देश में बांदा आरपीएफ ने चलाया जागरूकता अभियान ट्रेनों पर पथराव रोकने के लिए खुरहंड स्टेशन के आसपास स्कूलों में पहुंचकर बच्चों और शिक्षकों को किया जागरूक
बांदा। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेन्द्र कुमार शर्मा के दिशा-निर्देश में रेलवे सुरक्षा बल द्वारा ट्रेनों पर पथराव की घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। गुरुवार, 23 जुलाई 2026 को खुरहंड स्टेशन से विशेष ट्रेन के गति परीक्षण को देखते हुए आरपीएफ पोस्ट बांदा के जवानों ने पहले से चिन्हित संभावित अनधिकृत प्रवेश वाले स्थानों का निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन खुरहंड के किनारे स्थित प्राथमिक विद्यालय तथा ग्राम महुआ के विद्यालय में पहुंचकर शिक्षकों और बच्चों को एकत्रित किया गया। उन्हें तेज गति से चलने वाली ट्रेन के गति परीक्षण के संबंध में जानकारी देते हुए रेलवे ट्रैक की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
आरपीएफ जवानों ने बच्चों को समझाया कि किसी भी परिस्थिति में रेलवे ट्रैक पर न जाएं और न ही ट्रैक के आसपास पत्थर या अन्य कोई वस्तु रखें। ट्रेनों पर पत्थर फेंकना गंभीर अपराध है, जिससे यात्रियों की जान को खतरा हो सकता है और बड़ी दुर्घटना घटित हो सकती है।
इस दौरान बच्चों में वंदे भारत ट्रेन को लेकर काफी उत्सुकता और आकर्षण देखने को मिला। आरपीएफ जवानों ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा बताया कि अच्छी शिक्षा और मेहनत से वे भविष्य में वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों में यात्रा करने का सपना पूरा कर सकते हैं।
विद्यालय के शिक्षकों ने आरपीएफ को आश्वासन दिया कि वे बच्चों को रेलवे ट्रैक से दूर रहने के लिए लगातार जागरूक करेंगे और क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अनधिकृत आवाजाही तथा संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए हरसंभव सहयोग करेंगे।










