समस्तीपुर डीआरएम कार्यालय में सीबीआई का छापा, एपीओ सहित दो हिरासत में तलाशी के दौरान पिस्टल, दो मैगजीन और नौ कारतूस बरामद होने की बात भी सामने आई
रिपोर्ट नवीन यादव
समस्तीपुर। समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम कार्यालय में शुक्रवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने छापेमारी कर रेल मंडल के कार्मिक विभाग में तैनात सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी (एपीओ) अरुण मंडल और डीलिंग क्लर्क अमृत राज को हिरासत में लिया। सीबीआई की कार्रवाई से रेल मंडल कार्यालय में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि कथित भ्रष्टाचार और लेनदेन से जुड़े मामले में सीबीआई टीम ने यह कार्रवाई की है। टीम ने कार्यालय में संबंधित दस्तावेजों और अभिलेखों की जांच की। इसके बाद अधिकारियों से पूछताछ की गई। कार्रवाई के दौरान एपीओ के सरकारी आवास की भी तलाशी लिए जाने की सूचना है।
तलाशी के दौरान पिस्टल, दो मैगजीन और नौ कारतूस बरामद होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, मामले में सीबीआई की ओर से आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। कार्रवाई को लेकर रेल मंडल कार्यालय में दिनभर चर्चाओं का दौर जारी रहा।










