वाराणसी में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, सरकारी बंगले में 1.70 लाख रुपये की रिश्वत लेते वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक गिरफ्तार

रिपोर्ट नवीन यादव

वाराणसी। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की लखनऊ भ्रष्टाचार निरोधक इकाई ने पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में तैनात वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक नितेश अग्रवाल को 1.70 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए कथित तौर पर रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 23 जुलाई की रात की गई।

सरकारी बंगले में रिश्वत लेते पकड़े गए अधिकारी

सीबीआई टीम ने नितेश अग्रवाल को बनारस रेल इंजन कारखाना स्थित उनके सरकारी बंगले से रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद जांच टीम ने लहरतारा स्थित मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पहुंचकर उनके कक्ष और संबंधित अभिलेखों की जांच की। टीम ने आवश्यक पूछताछ और दस्तावेज अपने कब्जे में लेने के बाद आरोपी अधिकारी को आगे की कार्रवाई के लिए लखनऊ ले गई।

पुराने बिलों के भुगतान के बदले रिश्वत मांगने का आरोप

बताया जा रहा है कि रेलवे को फर्नीचर की आपूर्ति करने वाले एक पंजीकृत ठेकेदार ने सीबीआई से शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक ने पुराने बिलों को स्वीकृत कराने और भुगतान जारी कराने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के आधार पर सीबीआई ने कार्रवाई करते हुए अधिकारी को कथित तौर पर 1.70 लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।

कर्मचारियों को मिलने वाली पोशाक और जूतों की गुणवत्ता पर भी उठे थे सवाल

सूत्रों के अनुसार, मंडल में कर्मचारियों को उपलब्ध कराई जाने वाली पोशाक और जूतों की गुणवत्ता को लेकर पहले भी सतर्कता विभाग में शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इन शिकायतों से संबंधित जानकारी भी सीबीआई तक पहुंचने की बात सामने आ रही है। मामले में सीबीआई की जांच जारी है और कार्रवाई के बाद पूरे प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों के सामने आने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *