महिला एवं बुजुर्ग यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जीआरपी–रेल सुरक्षा बल में महत्वपूर्ण मंथन संयुक्त प्रशिक्षण एवं समन्वय बढ़ाने पर बनी सहमति डीजी जीआरपी आईजी आरपीएफ बैठक में शामिल 

 

रिपोर्ट : नवीन यादव, VERDICT NEWS

लखनऊ  झांसी । राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) मुख्यालय, लखनऊ में पुलिस महानिदेशक (रेलवे) प्रकाश डी. एवं रेल सुरक्षा बल के महानिरीक्षक बी. वेंकटेश्वर राव के बीच शिष्टाचार भेंट हुई। बैठक में रेलवे यात्रियों, विशेषकर महिला एवं बुजुर्ग यात्रियों की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में रेल सुरक्षा से संबंधित सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान, संवेदनशील रेल खंडों में संयुक्त गश्त बढ़ाने, आपातकालीन परिस्थितियों में यात्रियों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही जीआरपी एवं रेल सुरक्षा बल के अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यकुशलता तथा क्षमता में वृद्धि के लिए संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर भी सहमति बनी।

दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने तथा यात्रियों को सुरक्षित एवं भरोसेमंद वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आपसी समन्वय को निरंतर मजबूत बनाए रखने पर बल दिया।

बैठक में जीआरपी लखनऊ के महानिरीक्षक आर.के. भारद्वाज, रेल सुरक्षा बल के प्रशिक्षण उपमहानिरीक्षक चंद्र मोहन मिश्रा तथा रेलवे पुलिस के सहायक पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *