प्लेटफॉर्म पर दौड़ी स्कॉर्पियो, आरपीएफ को देख चालक फरार ग्वालियर रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल आरपीएफ के जवानों ने तत्काल वाहन को रोकने का प्रयास 

 

रिपोर्ट : नवीन यादव
ग्वालियर। ग्वालियर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक काले रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो प्रतिबंधित एवं संवेदनशील क्षेत्र में प्रवेश कर गई। अचानक प्लेटफॉर्म पर वाहन पहुंचने से यात्रियों में हड़कंप मच गया।
मौके पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने तत्काल वाहन को रोकने का प्रयास किया। आरपीएफ को अपनी ओर आता देख चालक स्कॉर्पियो को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद आरपीएफ ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच के बाद अज्ञात चालक के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। वाहन को जब्त कर लिया गया है तथा उसके स्वामित्व और चालक की पहचान करने के लिए जांच जारी है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर प्रतिबंधित क्षेत्र हैं, जहां बिना अनुमति किसी भी वाहन का प्रवेश पूरी तरह निषिद्ध है। इस घटना ने स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था और प्रवेश नियंत्रण पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आरपीएफ का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है तथा चालक की शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *