महाप्रबंधक ने परख निरीक्षण यान से किया भीमसेन–वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलखंड का निरीक्षण पुखरायां अमृत भारत स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजा
रिपोर्ट : नवीन यादव | VERDICT NEWS
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने बुधवार को “परख” निरीक्षण यान के माध्यम से भीमसेन से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलखंड का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेल अवसंरचना, ट्रैक, सिग्नल एवं परिचालन व्यवस्था के साथ-साथ यात्री सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए सुरक्षित, आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार भी उनके साथ मौजूद रहे।
निरीक्षण के क्रम में महाप्रबंधक ने अमृत भारत पुखरायां रेलवे स्टेशन का भी व्यापक निरीक्षण किया। उन्होंने शौचालय परिसर, सर्कुलेटिंग एरिया, स्टेशन फेसाड, प्लेटफॉर्म, स्टेशन अधीक्षक कक्ष, बुकिंग कार्यालय, वाटर कूलर, जल बूथों पर पेयजल की उपलब्धता तथा स्टेशन परिसर की समग्र स्वच्छता का गहन जायजा लिया।
महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्टेशन पर यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने यात्री सुविधाओं के नियमित रखरखाव, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता तथा स्टेशन परिसर की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य) अशोक प्रिय गौतम, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अतुल यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। महाप्रबंधक ने सभी संबंधित अधिकारियों को रेल संचालन की सुरक्षा, संरक्षा और यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार के लिए समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए।










