गुड टच–बैड टच” की सीख से जागरूक हुईं छात्राएं, मिशन शक्ति के तहत आत्मरक्षा कार्यशाला आयोजित सनातन धर्म कन्या इंटर कॉलेज में नव-प्रभात कृति संस्था ने छात्राओं को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
रिपोर्ट : नवीन यादव
झांसी। उत्तर प्रदेश शासन के मिशन शक्ति फेस-5.0 अभियान के अंतर्गत सामाजिक संस्था नव-प्रभात “कृति” के महिला प्रकोष्ठ एवं अनुशासन निगरानी समिति द्वारा सनातन धर्म कन्या इंटर कॉलेज, झांसी में छात्राओं के लिए आत्मरक्षा, स्व-सुरक्षा एवं “गुड टच–बैड टच” विषय पर जनजागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला का शुभारंभ छात्राओं को स्वयं की सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश देकर किया गया। मुख्य अतिथि विद्यालय की प्रधानाचार्य पूनम रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपम अग्रवाल ने की।
रूपम अग्रवाल ने खिलौना गुड़िया के माध्यम से छात्राओं को गुड टच और बैड टच की पहचान, अनजान लोगों से सतर्क रहने तथा किसी भी अनुचित व्यवहार की जानकारी तुरंत अभिभावकों और शिक्षकों को देने की सलाह दी। इस दौरान छात्राओं ने खुलकर अपने प्रश्न पूछे, जिनका सरल और व्यवहारिक तरीके से समाधान किया गया।
संस्था के अनुशासन प्रभारी सौरभ अवस्थी ने छात्राओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, निजी जानकारी गोपनीय रखने तथा साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी या उत्पीड़न की स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 अथवा निकटतम साइबर थाना में अभिभावकों के साथ शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रबंधन ने महिला सुरक्षा एवं बालिकाओं के संरक्षण के क्षेत्र में संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए संस्था के पदाधिकारियों को “गेस्ट ऑफ ऑनर” सम्मान से सम्मानित किया। छात्राओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ संस्था के कार्यों का स्वागत किया।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन सौरभ अवस्थी ने किया। इस अवसर पर रूपम अग्रवाल, प्रिया अवस्थी, कुसुम देवी, सुनीता तिवारी, अर्चना सोनी, अपर्णा अवस्थी, उमा, सीमा, माया यादव, मनोरमा मौर्य, सोनम, सुनीता वर्मा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।










