रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर दौड़ी स्कॉर्पियो, चालक फरार… आरपीएफ के हाथ अब भी खाली! स्टेशन की सुरक्षा में बड़ी सेंध, मुकदमा दर्ज लेकिन मुख्य आरोपी अब तक गिरफ्त से बाहर सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था, आखिर प्लेटफॉर्म तक कैसे पहुंच गई स्कॉर्पियो?

रिपोर्ट : नवीन यादव | VERDICT NEWS

ग्वालियर। ग्वालियर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर स्कॉर्पियो वाहन चढ़ाकर सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाला चालक घटना के बाद से फरार है। घटना ने रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने वाहन को जब्त कर रेलवे अधिनियम की धारा 147, 153 और 159 के तहत मुकदमा दर्ज किया है, लेकिन घटना का मुख्य आरोपी अब तक गिरफ्त से बाहर है।

जांच में वाहन का पंजीकरण संजीव कुमार सोनी के नाम पर पाया गया है। हालांकि घटना के समय वाहन कौन चला रहा था, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। आरपीएफ सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चालक की तलाश कर रही है।

वाहन मिला, चालक नहीं… सवाल बरकरार

रेलवे स्टेशन जैसे अति संवेदनशील क्षेत्र में वाहन का प्लेटफॉर्म तक पहुंच जाना सुरक्षा तंत्र की सतर्कता पर सवाल खड़े करता है। घटना के बाद आरोपी का फरार हो जाना भी जांच एजेंसियों के सामने चुनौती बना हुआ है।

अब निगाहें गिरफ्तारी पर

यात्रियों की जान जोखिम में डालने वाली इस घटना में अब सबसे बड़ा प्रश्न आरोपी की गिरफ्तारी का है। मुकदमा दर्ज होने के बाद भी मुख्य आरोपी का कानून की पकड़ से बाहर होना चर्चा का विषय बना हुआ है। अब यह देखना होगा कि आरपीएफ उसे कब तक गिरफ्तार कर पाती है और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *